Friday, February 13, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंब्रा में ठाणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 करोड़ की एमडी ड्रग्स...

मुंब्रा में ठाणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त

अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

ठाणे। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ठाणे पुलिस को एक ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। मुंब्रा पुलिस स्टेशन की एनडीपीएस टीम ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 13 किलो 629 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 27 करोड़ 21 लाख 77 हजार 750 रुपये आंकी गई है। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की शुरुआत एक गुप्त सूचना से हुई थी। जानकारी मिली थी कि मुंब्रा इलाके में भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स की डील होने वाली है। सूचना के आधार पर मुंब्रा पुलिस की एनडीपीएस टीम ने बिलाल अस्पताल के पास स्थित ‘वाई’ जंक्शन पर जाल बिछाया और बासू सैयद नामक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 23.5 ग्राम एमडी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान बासू सैयद ने खुलासा किया कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप मध्य प्रदेश से लाई जा रही है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए राम सिंह गुर्जर और कैलाश बलई को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 3.5 किलो एमडी बरामद की गई। आगे की पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से संचालित हो रहा था। इसके बाद ठाणे पुलिस की एक विशेष टीम रतलाम पहुंची, जहां एक अवैध ड्रग फैक्ट्री का पता चला। पुलिस ने वहां छापा मारकर मनोहर गुर्जर और रियाज मोहम्मद मंसूरी को गिरफ्तार किया। मौके से 9 किलो 956 ग्राम एमडी जब्त की गई। इस तरह कुल 13 किलो 629 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी ड्रग बरामदगी में से एक है। इस पूरे ऑपरेशन को मुंब्रा पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक और एनडीपीएस टीम के अधिकारियों एपीआई केदार, एपीआई जाधव और एपीआई दडवी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। ठाणे पुलिस आयुक्तालय ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अंतरराज्यीय नेटवर्क युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था और इस कार्रवाई से न केवल सप्लाई चेन टूटी है, बल्कि ड्रग निर्माण के स्रोत तक भी पुलिस पहुंचने में सफल रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments