SIR-2026: मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर

प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले पात्र नागरिकों को मिलेगा नया गणना प्रपत्र, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने की अपील

मुंबई। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) 2026 कार्यक्रम के तहत जारी प्रारूप मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं हैं, उन्हें नाम जुड़वाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने नए गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 28 और 29 नवंबर 2026 को संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने पात्र नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है। SIR-2026 कार्यक्रम की समीक्षा के लिए सोमवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी तथा बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे और महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति और मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा मुंबई उपनगर जिले के जिलाधिकारी सौरभ कटियार और सह आयुक्त (कर निर्धारण एवं संग्रह) विश्वास शंकरवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *