
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर क्या भूचाल आने वाला है? दरअसल एनसीपी प्रमुख शरद पवार के करीबी जयंत पाटिल की बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह से सीक्रेट मुलाकात की चर्चा जोरों पर है। रिपोर्ट्स की मानें तो एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने रविवार सुबह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इसलिए कहा जा रहा है कि पाटिल जल्द ही पाला बदल सकते है। अगर ऐसा हुआ तो यह शरद पवार के लिए दूसरा सबसे बड़ा झटका होगा। केंद्रीय मंत्री अमित शाह शनिवार से पुणे के दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि आज सुबह उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने पुणे के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में अमित शाह से जयंत पाटिल की मुलाकात कराई। जयंत पाटिल शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी के बड़े नेता है। यहां तक कि जब अजित पवार ने बतौर वित्तमंत्री विधायकों को फंड आवंटित किये तो जयंत पाटिल को सबसे ज्यादा फंड दिया गया।
बैठक में ४ बड़े नेता शामिल! मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में केवल यही चारों नेता उपस्थित थे। चारों नेताओं के बीच एक घंटे तक चर्चा हुई। दिलचस्प बात यह है कि इस गुप्त बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद नहीं थे। खबर है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी पुणे में ही थे, लेकिन इस बैठक में वह नहीं शामिल हुए। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है जयंत पाटिल जल्द ही अजित पवार गुट की एनसीपी में शामिल होंगे और आगामी कैबिनेट विस्तार में उन्हें अहम मंत्री पद भी मिल सकता है।
मैं किसी से नहीं मिला- जयंत पाटिल
इस बीच, एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने मीडिया में प्रतिक्रिया दी है। मीडिया कर्मियों ने जब उनसे अमित शाह से मुलाकात की खबरों पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा आपको यह किसने बताया? जो लोग ये चर्चा कर रहे हैं, आपको उन्हीं से जाकर पूछना चाहिए। कल शाम मैं शरद पवार के घर पर था। रात को मैं अपने घर पर हमारी पार्टी के वरिष्ठ विधायकों के साथ था, मैं और किसी से नहीं मिला।