
मीरा-भायंदर। मीरा भायंदर नगर निगम के माननीय आयुक्त एवं प्रशासक राधाबिनोद ए.शर्मा के मार्गदर्शन में इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान सात दिनों तक पर्यावरण अनुकूल विसर्जन प्रक्रिया संपन्न हुई। शहर के 29 स्थानों पर 35 कृत्रिम तालाब बनाए गए, जिनमें कुल 3327 गणेश और गौरी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें शाडू मिट्टी की 560 और प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की 2724 प्रतिमाएँ शामिल थीं, जबकि पीओपी गौरी की 131 प्रतिमाओं का भी विसर्जन हुआ। सात दिवसीय विसर्जन के अंतर्गत 305 सार्वजनिक तथा 2891 घरेलू गणेश प्रतिमाएँ विसर्जित की गईं। कल विशेष रूप से 43 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ, जो सभी 6 फीट ऊँची थीं। मीरा भायंदर महानगरपालिका द्वारा आयोजित इस अभियान को नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिनमें बांस के बैरिकेड्स, पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की तैनाती शामिल रही। महानगरपालिका सहायक आयुक्त और अधिकारियों ने लगातार स्थलों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भविष्य में भी श्री गणेश प्रतिमाओं को 6 फीट तक के आकार में कृत्रिम तालाबों में ही विसर्जित करें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।
