
रायपुर:(Raipur) छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस की जीत का दावा किया है । उन्होंने कहा, भाजपा का हाल कर्नाटक जैसा छत्तीसगढ़ में होने वाला है।
कोंडागांव रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा में सिर्फ प्रयोग चल रहा है। मुझे तो लगता है कि चुनाव से पहले प्रभारी न बदल दिए जाएं। क्योंकि दुग्गाबती बदल गईं, जामवाल आए ,मगर उन्हें किनारे रखा। नितिन नबीन भी हासिये पर हैं। इसी तरह की स्थिति वरिष्ठ नेता ओम माथुर की है। वे भाजपा के सभी नेताओं को एक मंच पर नहीं ला पा रहे हैं। अकेले बिना स्थानीय नेताओं के बस्तर घूम रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह की स्थिति को लेकर तंज कसते हुए भूपेश बघेल ने कहा- वो कमांडो घेरे से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। वो कार्यकर्ता से दूर हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री होने के बाद भी वर्तमान मुख्यमंत्री से ज्यादा सुरक्षा घेरे में हैं। साय को भाजपा ने बदल दिया। कौशिक को बदलकर चंदेल को नेता प्रतिपक्ष बनाया। भाजपा में प्रयोग ही चल रहा है।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के छत्तीसगढ़ में संभावित दौरों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा- मैं जब बस्तर गया था तब कहा जा रहा था प्रधानमंत्री आने वाले हैं। यहां आया तो पता चला केंद्रीय गृहमंत्री आ रहे हैं। मीडिया से पता चला है नड्डा भी आ रहे हैं। चुनाव है इसलिए सब आएंगे। 4 महीने बचे है, इसलिए सब आकर प्रदेश सरकार के कामों को देखेंगे। कैसे 4 सालों में हमने छत्तीसगढ़ के लिए काम किया।
बालासोर की घटना दुर्भाग्य जनक बताते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि रेल मंत्री कवच की बात कह रहे थे कि एक किलोमीटर दूर से ही ट्रेन रुक जाएगी। वह कवच भी छिन्न भिन्न हो गया। क्या उस कवच की भी जांच होगी क्या? सी बी आई की जो जांच चल रही है, इसमें ये बिंदु भी जोड़ा जाएगा , ये बताना चाहिए।