
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश के युवा, छात्र और जेन-जी लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। राहुल गांधी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा- देश की जेन-जी संविधान को बचाएंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। मैं उनके साथ हमेशा खड़ा हूं। उनके इस पोस्ट में ‘जेन-जी’ शब्द का जिक्र सबसे अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, हाल ही में पड़ोसी देश नेपाल में बड़े पैमाने पर जेन-जी आंदोलन हुआ, जिसके बाद सत्ता परिवर्तन हुआ। वहां भ्रष्टाचार और शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के चलते प्रधानमंत्री समेत कई मंत्रियों और सांसदों को इस्तीफा देना पड़ा और अंतरिम सरकार का गठन करना पड़ा। इसी पृष्ठभूमि में राहुल गांधी ने भारत के संदर्भ में ‘जेन-जी’ का उल्लेख किया। इससे पहले राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे “लोकतंत्र को बर्बाद करने वालों और वोट चोरों” का बचाव कर रहे हैं। राहुल ने दावा किया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां की जा रही हैं और कई जगहों पर मतदाताओं के पते पर केवल ‘शून्य’ दर्ज किया गया है। उन्होंने इसे चुनावी धोखाधड़ी करार दिया। हालांकि, चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट किया था कि जिन मतदाताओं के पास स्थायी आवास नहीं होता- जैसे सड़कों पर रहने वाले या रैनबसेरों में ठहरने वाले लोग- उनके पते की जगह ‘शून्य’ दर्ज किया जाता है। राहुल गांधी ने कहा- चुनाव आयोग जानता है कि यह सब कौन कर रहा है। मैं चाहता हूं कि भारत का हर युवा जाने कि वे आपके भविष्य के साथ ऐसा कर रहे हैं। जब वे यह जानकारी छुपाते हैं, तो वे लोकतंत्र के हत्यारों का बचाव करते हैं।




