
पुणे:(Pune) समाज को स्वस्थ रखने में डॉक्टर्स की बड़ी अहमियत होती है। बड़ी संख्या में लोग बीमारियों से ग्रसित भी हैं और महंगाई के इस दौर में इलाज करवाना भी काफी महंगा हो गया है। गरीब और बेघर लोगों के लिए बीमारियां सबसे ज्यादा खतरनाक साबित होती हैं। इसके बावजूद हमारे समाज में कई ऐसे डॉक्टर्स हैं, जो ऐसे लोगों की मदद करके उनका फ्री इलाज करते हैं।
डॉ. अभिजीत सोनवणे
पुणे महानगर की सड़कों पर अक्सर सफेद कोट पहने लोगों का हेल्थ चेकअप करते नजर आते हैं। डॉ. सोनवणे ने 2015 में अपनी नौकरी छोड़कर गरीबों का निशुल्क इलाज करने का फैसला लिया था। वे पुणे की सड़कों पर रहने वाले लोगों का फ्री इलाज करते हैं। कुछ लोगों का मुफ्त में इलाज करने के साथ दवाइयां भी देते हैं। वे इस महानगर के बेघरों के लिए आशा और उम्मीद की किरण बन चुके हैं।
डॉ. मनोज दुरैराज
महानगर के ही कार्डियक सर्जन डॉ. मनोज दुरैराज मैरियन कार्डिएक सेंटर एंड रिसर्च फाउंडेशन चलाते हैं। वे हार्ट की समस्याओं से जूझ रहे गरीब लोगों का मुफ्त इलाज करते हैं। अब तक डॉ. मनोज ने असहाय और जरूरतमंद परिवारों से आने वाले रोगियों, विशेषकर 350 से बच्चों की मुफ्त सर्जरी की हैं। उनका मानना है कि उन्होंने यह प्रोफेशन इसलिए चुना, ताकि वे जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा सकें।
डॉ. पुष्कर वाकनिस
इसी शहर के जन्मे मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. पुष्कर वकनीस चेहरे और जबड़े का इलाज करते हैं। वे बच्चों का मुफ्त में ऑपरेशन करते हैं। बड़ी संख्या में बच्चों के कटे होठों की समस्या देखने को मिलती है। गरीब लोग इसका इलाज नहीं करा पाते। ऐसे लोगों की मदद डॉक्टर पुष्कर करते हैं। बड़ी संख्या में लोग उनके यहां अपने इलाज के लिए पहुंचते हैं और वे ज्यादा से ज्यादा लोगों की अनुकरणीय सेवा कर रहे हैं।