
नागपुर। प्रो.राम शिंदे को सर्वसम्मति से महाराष्ट्र विधान परिषद के 19वें सभापति के रूप में चुना गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और विपक्ष के नेता अंबादास दानवे सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे। राम शिंदे के नाम का प्रस्ताव सदस्य श्रीकांत भारतीय, उमा खापरे और शिवाजीराव गर्जे ने पेश किया, जिसे मनीषा कायंदे, अमोल मिटकरी और ज्ञानेश्वर म्हात्रे ने समर्थन दिया। सर्वसम्मति से उनके नाम को स्वीकार किया गया, जिसके बाद उन्हें सम्मानपूर्वक अध्यक्ष के आसन तक ले जाया गया। विधान परिषद के सदस्यों और अन्य नेताओं ने प्रो. राम शिंदे को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके नेतृत्व में सदन के सुचारू संचालन की आशा व्यक्त की। उनके चयन को सभी पक्षों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जिससे सदन में सहयोग और समन्वय का संदेश गया। प्रो.राम शिंदे के अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उनके सभापति चुने जाने को सदन के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में सदन में विधायी प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने की उम्मीद की जा रही है।