
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के नतीजे सामने आते ही वार्ड क्रमांक 87 में राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। दिवंगत पूर्व महापौर विश्वनाथ महादेश्वर की पत्नी और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार पूजा महादेश्वर ने भारी मतों से जीत दर्ज कर एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वार्ड 87 में उनका और शिवसेना (यूबीटी) का वर्चस्व बरकरार है। पूजा महादेश्वर ने भाजपा उम्मीदवार कृष्णा (महेश) पारकर को 2428 मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ वार्ड क्रमांक 87 में शिवसेना (यूबीटी) का दबदबा और मजबूत हुआ, जबकि यह हार भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक असफलता मानी जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2017 के बीएमसी चुनाव में कृष्णा पारकर को मात्र 29 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्हें कहीं बड़ी हार झेलनी पड़ी। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार कृष्णा पारकर को 9160 वोट, जबकि शिवसेना (यूबीटी) की उम्मीदवार पूजा विश्वनाथ महादेश्वर को 11,588 वोट प्राप्त हुए। चुनाव परिणामों के बाद कृष्णा पारकर ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि कहीं न कहीं उनसे कमी रह गई होगी। उन्होंने विजयी उम्मीदवार पूजा महादेश्वर को जीत की शुभकामनाएं भी दीं। पूजा महादेश्वर की इस जीत को न केवल एक पारिवारिक विरासत की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इसे वार्ड 87 में शिवसेना (यूबीटी) की मजबूत सांगठनिक पकड़ और जनसमर्थन की पुष्टि के तौर पर भी माना जा रहा है।




