
मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने गुरुवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हीरा क्षेत्र सहित कुछ उद्योगों को पड़ोसी राज्य गुजरात में स्थानांतरित कराने के मकसद से राज्य में आये थे। पटोले ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ‘दिल्ली’ के निर्देश पर महाराष्ट्र को लूट रही है। प्रधानमंत्री मोदी अहमदनगर जिले के शिरडी में थे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध साई बाबा मंदिर के विशाल श्रद्धालु परिसर, निलवंडे बांध के नहर नेटवर्क के साथ ही ‘नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना’ की भी शुरुआत की, जिसके तहत राज्य के 86 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की सहायता मिलेगी। पटोले ने आरोप लगाया महाराष्ट्र से बड़ी निवेश परियोजनाओं को गुजरात में स्थानांतरित करने की गतिविधियां पिछले डेढ़ साल से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुंबई में हीरे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को सूरत (गुजरात में) में स्थानांतरित करने के लिए आज राज्य का दौरा कर रहे हैं।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार देश की अर्थव्यवस्था में मुंबई के महत्व को कम करने के लिए सभी प्रयास कर रही है। राज्य की भाजपा नीत सरकार दिल्ली के निर्देश पर महाराष्ट्र को लूट रही है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सूरत में एक विशाल हीरा उद्योग विकसित किया जा रहा है, जो मुंबई के कारोबार को छीन लेगा।