
नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों की घोषणा आज कर दी गई। कला, खेल, विज्ञान, व्यापार, उद्योग और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 131 विशिष्ट व्यक्तियों को वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें महाराष्ट्र के 15 विभूतियों को यह सम्मान मिला है। महाराष्ट्र को इस वर्ष एक पद्म विभूषण, तीन पद्म भूषण और 11 पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। वर्ष 2026 के लिए देशभर से चयनित 131 पुरस्कार विजेताओं में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। इस वर्ष 19 महिलाएं, 6 विदेशी अथवा अनिवासी भारतीय, तथा 16 व्यक्तियों को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया गया है। हिंदी फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। पद्म भूषण श्रेणी में महाराष्ट्र से तीन प्रमुख नाम शामिल हैं—प्रसिद्ध पार्श्वगायिका अलका याज्ञिक (कला), विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे (मरणोपरांत– कला) और बैंकिंग व उद्योग क्षेत्र के अग्रणी उदय कोटक (व्यापार एवं उद्योग)।
पद्मश्री पुरस्कार के लिए महाराष्ट्र के 11 मान्यवरों के नाम घोषित किए गए हैं। खेल क्षेत्र से क्रिकेटर रोहित शर्मा, चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए श्रीमती आर्मिडा फर्नांडिस, समाजसेवा के लिए जनार्दन बापुराव बोथे, तथा कृषि क्षेत्र से श्रीरंग देवाबा लाड को सम्मानित किया गया है। कला क्षेत्र में भिकल्या लाडक्या धिंडा, माधवन रंगनाथन, रघुवीर तुकाराम खेडकर और सतीश शाह (मरणोपरांत) को पद्मश्री प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र से अशोक खाडे और सत्यनारायण नुवाल, जबकि विज्ञान एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र से जुझेर वासी को यह सम्मान दिया गया है। इन सभी पुरस्कारों को मार्च–अप्रैल 2026 में राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति के हाथों प्रदान किया जाएगा।




