
नई दिल्ली। वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से देशभर के 20 बच्चों को सम्मानित किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी अर्णव महर्षी को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से राष्ट्रपति भवन स्थित सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से चयनित बच्चों को यह पुरस्कार प्रदान किया। इन बच्चों को शौर्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कला एवं संस्कृति, समाजसेवा, खेल और पर्यावरण जैसे सात क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें से दो पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में 9 बालक और 11 बालिकाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर तथा सचिव अनिल मलिक उपस्थित थे।
महाराष्ट्र के अर्णव महर्षी को पुरस्कार से गौरव
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के 17 वर्षीय अर्णव महर्षी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया। अर्णव महर्षी ने लकवाग्रस्त रोगियों के हाथों के पुनर्वास के लिए एआई आधारित उपकरण तथा एक्टिव हैंड रिस्ट बैंड का आविष्कार किया है। उन्होंने यह नवोन्मेषी उपकरण स्मार्टफोन या लैपटॉप की सहायता से विकसित किया है। इस पुरस्कार में पदक, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र शामिल हैं।
पुरस्कृत बच्चे भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ के प्रतिनिधि: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये बच्चे भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ के सच्चे प्रतिनिधि हैं। उन्होंने शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और अन्य चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर शौर्य, कला-संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान, समाजसेवा और खेल जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन बच्चों का संकल्प और प्रयास 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 के विजेता
व्योमा प्रिया – शौर्य – तमिलनाडु (मरणोपरांत), कमलेश कुमार – शौर्य – बिहार (मरणोपरांत), मोहम्मद सिदान पी – शौर्य – केरल, अजय राज – शौर्य – उत्तर प्रदेश, एस्थर लालदुहोमी – कला एवं संस्कृति – मिज़ोरम, सुमन सरकार – कला एवं संस्कृति – पश्चिम बंगाल, पूजा – पर्यावरण – उत्तर प्रदेश, शवन सिंह – समाजसेवा – पंजाब, वंश तायल – समाजसेवा – चंडीगढ़, आइशी प्रिशा – विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी – असम, अर्णव महर्षी – विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी – महाराष्ट्र, शिवानी उपारा – खेल – आंध्र प्रदेश, वैभव सूर्यवंशी – खेल – बिहार, योगिता मंडावी – खेल – छत्तीसगढ़, लक्ष्मी प्रगयिका – खेल – गुजरात, ज्योति – खेल – हरियाणा, अनुष्का कुमारी – खेल – झारखंड, धिनिधि देसिंगु – खेल – कर्नाटक, ज्योषणा सबर – खेल – ओडिशा व विश्वनाथ कार्तिके – खेल – तेलंगाना।



