
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती शुक्रवार को बांगरमऊ में बड़ी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर पटेल सेवा संस्थान की ओर से नगर के संडीला तिराहा स्थित पटेल चौक को आकर्षक रूप से सजाया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीकान्त कटियार ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक कटियार ने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता और अखंडता के नायक थे। 31 अक्तूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में जन्मे सरदार पटेल ने कठिन परिश्रम से वकालत की शिक्षा प्राप्त की और एक सफल बैरिस्टर बने। आजादी के बाद देश के प्रथम गृह मंत्री के रूप में उन्होंने 562 रियासतों का भारत संघ में विलय कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित कर भारत के इस महान पुरुष का गौरव बढ़ाया है। श्री कटियार ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है और इसका श्रेय सरदार पटेल की दूरदर्शी सोच को जाता है। उन्होंने बताया कि स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना सबसे पहले सरदार पटेल ने की थी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने साकार रूप दिया है। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक डॉ. महेन्द्र सिंह, नगर अध्यक्ष गोविन्द कुशवाहा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बालाराव गुप्ता, भाजपा नेता नीरज गुप्ता एवं पटेल सेवा संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




