
नई दिल्ली:(New Delhi) आम आदमी पार्टी (AAP) ने अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की नकल करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा है। पार्टी ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की नकल बताया है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आप कार्यालय में गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी, देश की सबसे नई पार्टी से आइडियाज और मेनिफेस्टो चुराने में लगी है। सीसीसी यानी “कॉपी कैट कांग्रेस” ने अरविंद केजरीवाल का “गारंटी” शब्द भी कॉपी कर लिया है। पहले कांग्रेस ने दिल्ली में बिजली हाफ-पानी माफ का मजाक बनाया। अजय माकन ने कहा था कि इन्हें पता नहीं सरकार कैसे चलती है, ये तो हो ही नहीं सकता। फिर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बिजली फ्री और महिलाओं को मासिक भत्ता देने की घोषणा कर अरविंद केजरीवाल को कॉपी किया। कांग्रेस के पास ऐसे लोग नहीं बचे जो लोगों से बात कर सकें और अपना ओरिजनल मेनिफेस्टो बना सकें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जब हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ा तो अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की कॉपी की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देंगे। हमने पंजाब में कहा कि महिलाओं को सरकार की तरफ से मासिक भत्ता दिया जाएगा। इस पर कांग्रेस ने पंजाब में हमारा खूब मजाक उड़ाया। कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू कहते थे कि आप सरकार बनाने के लिए लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। ऐसा हो ही नहीं सकता है। फिर इन्होंने महिलाओं के मासिक भत्ते को लेकर हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में घोषणा की।
भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं की मुफ्त यात्रा को लेकर भी खूब विरोध किया। फिर आम आदमी पार्टी के मेनिफेस्टो से चुराकर हिमाचल में महिलाओं को मुफ्त यात्रा देने की घोषणा की। अब कर्नाटक से भी खबर आ रही है कि कांग्रेस कर्नाटक के अंदर मुफ्त बस यात्रा देगी। कांग्रेस के पास आज जनता से बात करने वाले और उनसे कॉन्टेक्ट में रहने वाले लोग भी नहीं बचे हैं। आज कांग्रेस में अपना ओरिजिनल मेनिफेस्टो बनाने की हालत भी नहीं बची है। ये बेसिक क्वालिफिकेशन भी कांग्रेस के अंदर खत्म हो गई है। सीसीसी यानी कॉपी कैट कांग्रेस हर चीज को अरविंद केजरीवाल से चुराती है। अगर आपसे पार्टी नहीं चल पा रही, आपके पास कोई आइडिया और ओरिजिनल मेनिफेस्टो नहीं, सब चीज अरविंद केजरीवाल से चुराते हैं, ऐसे में कांग्रेस के लिए यह बहुत गंभीर बात है।
वहीं आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता के टैक्स के पैसे से उन्हें सुविधाएं देकर भी मुनाफे का बजट लाते हैं। कर्नाटक में कांग्रेस अपने चुनावी वादे पूरा करने के लिए दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का फंड रोक रही है।