
मुंबई। मुंबई-पुणे समेत कोंकण के अधिकांश हिस्सों में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि वीकेंड में अरब सागर में एक चक्रवात बन सकता है, जिसका नाम ‘तेज’ होगा। फिलहाल अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र मौजूद है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह कम दबाव का क्षेत्र मॉनसून के बाद के पहले चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। यदि चक्रवात ‘तेज’ बनता है, तो इससे मुंबई, पुणे और दक्षिण कोंकण क्षेत्रों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग (आईएमडी) स्थिति पर करीब से नजर बनाये हुए और नियमित अपडेट जारी कर रहा है। अभी के जो संकेत है उसके मुताबिक, 22-23 अक्टूबर के आसपास अरब सागर में चक्रवात बन सकता हैं। इस बीच गुरुवार को जारी मौसम पूर्वानुमान में आईएमडी ने बताया कि 23 अक्टूबर तक मुंबई व उपनगरों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आईएमडी अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण की गति पर पैनी नजर बनाये हुए है, अभी तक चक्रवात की तीव्रता और मार्ग का पता नहीं चला है। लेकिन अगले दो दिनों में मध्य अरब सागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के तीव्र होकर डिप्रेशन में बदलने की उम्मीद है।
मुंबई में गर्मी से राहत कब?
उधर, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के कारण मुंबई में तापमान में वृद्धि हुई है। चक्रवात के प्रभाव से जमीनी बयार लंबे समय तक जारी है और दिन में गर्मी बढ़ी है। हालांकि रात का तापमान गिरकर 22-23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। 23 अक्टूबर के बाद गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढ़ने पर मुंबई में दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।