
मुंबई। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन महाराष्ट्र में ‘भ्रष्ट’ सरकार को हराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारा सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष अच्छा प्रचार करेगा और उनकी पार्टी के सभी नेताओं को एक स्वर में बोलने के लिए कहा गया है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) ने विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा और चुनाव रणनीति तय करने के लिए यहां एक बैठक करने के बाद संवाददाताओं से यह बात कही। महाराष्ट्र में इस वर्ष अक्टूबर में चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारा सबक सिखाएगी और हम चोरी से बनाई गयी भ्रष्ट सरकार को हराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वेणुगोपाल ने कहा, “राज्य में कांग्रेस नेताओं को एकजुट रहने और एक स्वर में बोलने को कहा गया है। पार्टी एमवीए के सभी घटक दलों के संपर्क में है। हम बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करेंगे। आज (शुक्रवार) हमने राज्य में चुनावी तैयारियों और हमारी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश में राजनीतिक माहौल बदल चुका है और लोकसभा चुनाव के बाद देश में 13 सीट पर हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा सिर्फ दो सीट पर ही जीत दर्ज कर पाई जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) ने 11 सीटें जीतीं। उन्होंने कहा अयोध्या (फैजाबाद लोकसभा सीट) जीतने के बाद हमने (‘इंडिया’ गठबंधन) बदरीनाथ (विधानसभा उपचुनाव) भी जीत लिया। उत्तराखंड पुलिस ने हमारे मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर जाने नहीं दिया। सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया लेकिन जनता ने फिर भी उन्हें हरा दिया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह स्पष्ट संदेश है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए गठबंधन नेताओं की बैठक जल्द ही होगी। कांग्रेस 20 अगस्त को दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर अपना चुनाव अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा हमने पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और नेता राहुल गांधी को आमंत्रित किया है। कांग्रेस सीट बंटवारे के लिए योग्यता पर जोर देगी।