
मुंबई। सोशल मीडिया पर अक्षय खन्ना की फिल्म ‘धुरंधर’ का वायरल एंट्री सीन अब साइबर सुरक्षा जागरूकता का माध्यम बन गया है। बुधवार, 10 दिसंबर को मुंबई पुलिस ने इस ट्रेंड का उपयोग करते हुए एक रचनात्मक पोस्ट साझा की, जिसमें लोगों को ऑनलाइन अपने निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई। वायरल वीडियो में अक्षय खन्ना की स्लो-मोशन एंट्री दिखाई गई है, जिसे मुंबई पुलिस ने एक चेतावनी संदेश के साथ जोड़ा। पोस्ट में लिखा गया- जैसे ही आप अपना डेटा ऑनलाइन ओवरशेयर करते हैं, स्कैमर्स आपके बैंक अकाउंट में घुस रहे होते हैं। घातक स्कैमर्स से घायल न हों। भरोसा करने से पहले वेरिफाई करें।” इसके साथ ही कैप्शन में पुलिस ने लिखा, “डिजिटल हैरेसमेंट के खिलाफ दुर्योधन की तरह चालाक बने रहें।” यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इसे काफी सराहा। अक्षय खन्ना का यह एंट्री सीन FA9LA साउंडट्रैक के साथ सोशल मीडिया पर पहले ही ट्रेंड कर रहा है, जिसे विभिन्न क्रिएटर्स अपने अंदाज में रिक्रिएट कर रहे हैं। मुंबई पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों के बीच इस तरह के ट्रेंड का उपयोग कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2025 के अंत तक “डिजिटल अरेस्ट” कैटेगरी में 142 मामलों में कुल 114 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई है। हाल ही में महाराष्ट्र साइबर ने 58 करोड़ रुपये की अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल अरेस्ट ठगी के मुख्य आरोपी पर इनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने की अपील की है। पुलिस विभाग का यह प्रयास दर्शाता है कि बदलते डिजिटल माहौल में जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।




