
मुंबई। भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र के लिए नई वंदे भारत ट्रेन की घोषणा की है। यह मुंबई और जालना के बीच चलेगी। जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। नई वंदे भारत ट्रेन राज्य के मराठवाडा क्षेत्र को मुंबई से जोड़ेगी, जिससे यात्रियों को तेज़ गति वाली यात्रा की सुविधा मिलेगी। विशेष ट्रेन संख्या 02705 जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस (एकतरफा) की जालना से मुंबई तक की यात्रा में कुल आठ स्टॉप होंगे। जालना से छूटने के बाद पहला पड़ाव संभाजीनगर (औरंगाबाद) होगा, उसके बाद मनमाड, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे और दादर होगा। दादर के बाद अगला और अंतिम स्टेशन मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन बुधवार को छोड़कर पूरे सप्ताह चलेगी। यह जालना से अपनी यात्रा सुबह 05.05 बजे शुरू करेगी और मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन सुबह 11.55 बजे पहुंचेगी। नई वंदे भारत की वापसी यात्रा दोपहर 13.10 बजे सीएसएमटी से शुरू होगी और रात 20.30 बजे तक जालना पहुंचेगी। मालूम हो कि रेलवे ने मुंबई-जालना वंदे भारत का टाइम-टेबल अभी जारी नहीं किया है। इसलिए इसके टिकटों की बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही आईआरसीटीसी की अधिकारिक वेबसाइट- www.irctc.co.in व स्टेशन पर टिकट बुकिंग केंद्र से रिजर्वेशन कराया जा सकेगा। 180 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चलने वाली स्वदेश में निर्मित वंदे भारत ट्रेन वर्ल्ड क्लास सुविधाओं और कवच तकनीक जैसी उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस है।