
दुबई भागने की फिराक में था मुख्य आरोपी, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार, 5 जिम सील
मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश। जिम के जरिए कथित धर्मांतरण कराने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी इमरान को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इमरान देश छोड़कर दुबई भागने की तैयारी में था। उस पर और उसके भाई लकी पर पहले से ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने शनिवार देर शाम प्रेस वार्ता में बताया कि इमरान इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी है। उसी ने जिम खुलवाकर अपने भाई लकी को सौंपा था। इमरान को 23 जनवरी को दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया और दिल्ली कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मिर्जापुर लाया जा रहा है। पुलिस उसे मिर्जापुर कोर्ट में पेश करेगी। इमरान का भाई लकी फिलहाल फरार है। इस मामले में पहले ही जीआरपी के एक सिपाही समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इमरान की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 7 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने इमरान और उसके भाई लकी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जिमों के जरिए धर्मांतरण का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि केजीएन-01, केजीएन-02, केजीएन-03, बी फिट और आयरन फायर जिम में कथित तौर पर धर्मांतरण का खेल चल रहा था। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने इन पांचों जिमों को सील कर दिया है। पीड़ित महिलाएं इन्हीं जिमों में जाती थीं।
महिलाओं से दोस्ती, दबाव और धमकी
कोतवाली देहात थाने में दो महिलाओं ने तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़िताओं के अनुसार, आरोपी पहले उनसे दोस्ती करते थे, फिर मोबाइल पर बातचीत शुरू कर घुमाने-फिराने और मार्केटिंग के बहाने ले जाते थे। इसके बाद दरगाह ले जाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता था। इंकार करने पर पैसे की मांग और वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से 50 से अधिक लड़कियों की तस्वीरें भी मिली हैं। इस मामले में पहले मोहम्मद शेख अली आलम (31) और फैजल खान (34) को गिरफ्तार किया गया था। इनके मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जहीर (32) और शादाब (36) को भी पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि जहीर केजीएन-01 जिम का मालिक है और केजीएन-02, केजीएन-03, बी फिट और आयरन फायर जिम से भी जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, फरीद अहमद (28) को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, जबकि जीआरपी के हेड कांस्टेबल इरशाद खान (40) को भी इस मामले में पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी लकी की तलाश जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।




