
मुंबई (सांताक्रुज)। सांताक्रुज स्थित कुडोज किड्स हाईस्कूल में अभिजात मराठी भाषा गौरव दिवस बड़े उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। 27 फरवरी को प्रख्यात कवि विष्णू वामन शिरवाडकर (कुसुमाग्रज) की जयंती के उपलक्ष्य में यह दिवस पूरे महाराष्ट्र में ‘मराठी भाषा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य प्रत्येक मराठी भाषी को अपनी भाषा, साहित्य और संस्कृति पर गर्व का अनुभव कराना है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे हुई, जब विद्यार्थी विभिन्न आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों ने महाराष्ट्र की महान विभूतियों का रूप धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, सावित्रीबाई फुले, अहिल्याबाई होळकर, लोकमान्य टिळक तथा लता मंगेशकर जैसी महान हस्तियां शामिल थीं। इसके पश्चात लेज़ीम नृत्य की ताल पर ढोल-ताशों के साथ विद्यालय परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के बाद सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने शिवगर्जना, भाषण, कविताएं, पोवाड़ा और भक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक सहभागी बने। विविध रंगों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों से सजा यह आयोजन दोपहर तीन बजे तक चला और विद्यार्थियों के उत्स्फूर्त प्रतिसाद के साथ संपन्न हुआ। शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों के साथ-साथ प्रधानाध्यापकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसे सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।





