
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के एक गांव में एक समारोह के दौरान नृत्य करने से इनकार करने पर एक व्यक्ति ने एक दंपति को कथित तौर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। हुडकेश्वर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात को खरसोली गांव में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी दिनेश सुभाषराव पाटिल (45) ने कथित तौर पर अपने पड़ोसी सुखदेव उइके (55) और उनकी पत्नी रेखा (50) पर हमला कर दिया, जब उन्होंने एक नामकरण समारोह के दौरान नृत्य करने से इनकार कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पाटिल ने उइके से उनके साथ नृत्य करने का अनुरोध किया, लेकिन उइके ने इनकार कर दिया। हालांकि, जब पीड़िता ने बाद में पाटिल के अनुरोध पर नृत्य करना शुरू कर दिया तो वह नाराज हो गया। जिसके बाद उसने कथित तौर पर उइके के साथ दुर्व्यवहार किया और जब वह समारोह से बाहर निकल रहे थे तो पाटिल ने दंपति पर धारदार हथियार से वार कर दिया। उन्होंने बताया कि उइके के घायल होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।




