
नई दिल्ली। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक झांकी को सर्वोत्तम घोषित किया गया है। राज्यों की झांकियों की श्रेणी में महाराष्ट्र की झांकी ने पहला स्थान हासिल किया है। केंद्र सरकार की ओर से परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस श्रेणी में जम्मू-कश्मीर को दूसरा और केरल को तीसरा स्थान मिला है। इस वर्ष महाराष्ट्र ने ‘गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक’ थीम पर आधारित झांकी प्रस्तुत की थी। झांकी के माध्यम से महाराष्ट्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, गणेशोत्सव की सामाजिक परंपरा और उससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों तथा आत्मनिर्भरता के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। झांकी में भव्य गणेश प्रतिमा, पारंपरिक ढोल-ताशा दल और लेझीम नृत्य करते कलाकारों ने कर्तव्य पथ पर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रभावशाली प्रस्तुति के चलते निर्णायकों ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में महाराष्ट्र की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार प्रदान किया। अन्य श्रेणियों में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सेना दल की श्रेणी में भारतीय नौसेना की टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया, जबकि अर्धसैनिक बलों में दिल्ली पुलिस के दल को यह सम्मान मिला। केंद्रीय मंत्रालयों की श्रेणी में संस्कृति मंत्रालय की झांकी ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा केंद्रीय लोक निर्माण विभाग और ‘वंदे मातरम्’ नृत्य समूह को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।




