
मुंबई। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल को रविवार को धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार छगन भुजबल को परशुराम सेवा संघ के विश्वजीत देशपांडे ने धमकी दी है। विश्वजीत देशपांडे ने कहा है कि छगन भुजबल को मारने वाले को एक लाख रुपए इनाम दिया जाएगा। देशपांडे की इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और भुजबल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। हालांकि छगन भुजबल ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि वे इस तरह की धमकियों से नहीं डरते हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज के बारे में जो बयान दिया है उसपर कायम हैं। उल्लेखनीय है कि छगन भुजबल ने एक कार्यक्रम में कहा था कि ब्राह्मण समाज में शिवाजी और संभाजी जी नाम नहीं रखा जाता। भुजबल की इसी व्यक्तव्य के बाद परशुराम सेवा संघ के अध्यक्ष विश्वजीत देशपांडे ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि जो छगन भुजबल को मारेगा उसे एक लाख रुपया दिया जाएगा। इसके बाद ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष आनंद दवे ने कहा था कि छगन भुजबल सिर्फ सस्ती लोकप्रियता के लिए ब्राह्मण समाज को निशाना बना रहे हैं। आनंद दवे ने कहा कि छगन भुजबल को सबसे पहले शिवाजी और संभाजी के नाम की शुरूआत अपने परिवार से करनी चाहिए।