Friday, June 20, 2025
Google search engine
HomeIndiaभारत ने रचा इतिहास: चंद्रयान-3 मिशन की शानदार सफलता

भारत ने रचा इतिहास: चंद्रयान-3 मिशन की शानदार सफलता


इसरो चीफ एस सोमनाथ बोले- इंडिया इज ऑन द मून

राष्ट्रपति से लेकर तमाम नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम की साफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर साफ्ट लैंडिंग कराने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग करने वाले चार देशों में शामिल हो गया है। इसरो के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्रमा मिशन ‘‘चंद्रयान-3’’ के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) ने बुधवार शाम चंद्रमा की सतह को चूम कर अंतरिक्ष विज्ञान में सफलता की एक नयी इबारत रची। वैज्ञानिकों के अनुसार इस अभियान के अंतिम चरण में सारी प्रक्रियाएं पूर्व निर्धारित योजनाओं के अनुरूप ठीक से चली। यह एक ऐसी सफलता है जिसे न केवल इसरो के शीर्ष वैज्ञानिक बल्कि भारत का हर आम और खास आदमी टीवी की स्क्रीन पर टकटकी बांधे देख रहा था। लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम ने बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की। यह एक ऐसी उपलब्धि है, जो अब तक किसी भी देश को हासिल नहीं हुई है। इसरो कमांड सेंटर के वैज्ञानिक, जो सांस रोककर बड़े पल का इंतजार कर रहे थे, सफल सॉफ्ट लैंडिंग के बाद खुशी से झूम उठे। ऑपरेशन के लाइव टेलीकास्ट के दौरान देखा गया। बेंगलुरु में इसरो कमांड सेंटर में व्यापक मुस्कुराहट और जोरदार जयकारे गूंज रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन लाइव टेलीकास्ट में शामिल हुए। उन्होंने ताली बजाई और मिशन के सफल होने पर मुस्कुराते नजर आए। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी। चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि भारत चंद्रमा पर है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बन गया और निराशा समाप्त हो गई। चंद्रयान-3 मिशन के परियोजना निदेशक पी वीरमुथुवेल ने कहा कि हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास जाने वाले पहले देश बन गए हैं। चंद्रयान-3 मिशन 14 जुलाई को दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में भारत के मुख्य अंतरिक्ष बंदरगाह से लॉन्च किया गया था। चंद्रयान-3 के दो सप्ताह तक संचालित होने की उम्मीद है, जिसमें चंद्र सतह की खनिज संरचना के स्पेक्ट्रोमीटर विश्लेषण सहित कई प्रयोग किए जाएंगे। इसरो के चीफ एस सोमनाथ ने हाल में कहा था कि लैंडर की गति को 30 किलोमीटर की ऊंचाई से अंतिम लैंडिंग तक कम करने की प्रक्रिया और अंतरिक्ष यान को क्षैतिज से ऊर्ध्वाधर दिशा में पुन: निर्देशित करने की क्षमता लैंडिंग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। अधिकारियों के मुताबिक, सॉफ्ट-लैंडिंग के बाद रोवर अपने एक साइड पैनल का उपयोग करके लैंडर के अंदर से चंद्रमा की सतह पर उतरा, जो रैंप के रूप में इस्तेमाल हुआ। इसरो के अनुसार, चंद्रमा की सतह और आसपास के वातावरण का अध्ययन करने के लिए लैंडर और रोवर के पास एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के लगभग 14 दिन के बराबर) का समय होगा। हालांकि, वैज्ञानिकों ने दोनों के एक और चंद्र दिवस तक सक्रिय रहने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया है।

राष्ट्रपति से लेकर तमाम नेताओं ने दी बधाई

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- यह एक महत्वपूर्ण अवसर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक महत्वपूर्ण अवसर, एक ऐसी घटना जो जीवनकाल में एक बार होती है। 
कांग्रेस ने कहा- कीर्तिमान स्थापित कर रहा है भारत
कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर इसरो सहित सभी देशवासियों को बधाई। भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान की आवश्यकता को देखते हुए ही पंडित नेहरू ने इसरो की नींव रखी थी। यह उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज भारत पूरे विश्व में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
सीएम योगी ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की क्षमताओं और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने जो किया कोई नहीं कर सका। चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव बना दिया है। इस सफलता के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों को बधाई और देश को शुभकामनाएं देता हूं।
राहुल गांधी ने इसरो की टीम को बधाई दी
राहुल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिकों की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।
इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन बोले- हम वास्तव में उत्साहित हैं
इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम वास्तव में उत्साहित हैं। हम इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं।
हरियाणा के सीएम बोले- अरे वाह, मजा आ गया!
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अरे वाह, मजा आ गया! आज देखिए चंद्रमा हमारे और भी करीब आ गया है। ये बहुत खुशी की बात है। चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर भारत की उपस्थिति को दर्शा रहा है। इस महान अवसर पर मैं इसरो और  वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि उनके कौशल, साहस और प्रतिभा के कारण हमें यह उपलब्धि मिली है। 
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- यह देश के लिए एक असाधारण उपलब्धि
चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं इस मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों और प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र को सच साबित कर रहा है। इस सफल लैंडिंग मिशन के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। यह देश के लिए एक असाधारण उपलब्धि है।
अमित शाह बोले- रोजगार के अवसर पैदा होंगे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को छूने वाला पहला देश बन गया है। नई अंतरिक्ष यात्रा भारत की खगोलीय महत्वाकांक्षाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है, जिससे यह अंतरिक्ष परियोजनाओं के लिए दुनिया के लॉन्चपैड के रूप में अलग हो जाता है। भारतीय कंपनियों के लिए अंतरिक्ष का प्रवेश द्वार खुलने से हमारे युवाओं के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर पैदा होंगे।
विराट कोहली ने इसरो को दी बधाई
विराट कोहली ने ट्वीट कर कहा कि चंद्रयान 3 टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपने देश को गौरवान्वित किया है। जय हिन्द!
अखिलेश यादव बोले- चांद मुबारक
 चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि चाँद मुबारक! अब और भी आगे जाना है…
सीएम एकनाथ शिंदे ने कही ये बात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं इस सफलता के लिए चंद्रयान-3 मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं।
राजनाथ सिंह बोले- यह नया भारत है और जिसकी भुजाएं मंगल से चंद्रमा तक फैली हुई हैं
इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले कि मैं इसरो वैज्ञानिक को इस सफलता के लिए बधाई देता हूं। यह नया भारत है और जिसकी भुजाएं मंगल से चंद्रमा तक फैली हुई हैं।
सीएम शिवराज बोले- एक नए भारत का उदय हुआ
चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा किहम सभी गौरवान्वित हैं, देश खुशियों से भर गया है…पीएम मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हुआ है।
मोहन भागवत ने दी बधाई
चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि इस अमृत काल में, हमने अमृत वर्षा का एक सच्चा क्षण देखा है। अब हमें अपने कर्तव्य के प्रति कार्य करना चाहिए।शरद पवार ने इसरो को बधाई दी
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा आज 140 करोड़ भारतीयों ने एक और उपलब्धि देखी
चंद्रयान-3 मिशन की सफल लैंडिंग पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। छह दशक पुराने इस अंतरिक्ष कार्यक्रम में आज 140 करोड़ भारतीयों ने एक और उपलब्धि देखी। हम अपने वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और इस मिशन को सफल बनाने में शामिल सभी लोगों के जुनून, कड़ी मेहनत और समर्पण को सलाम करते हैं। 
मायावती ने ट्वीट कर दी बधाई
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने इसरो के वैज्ञानिकों को ट्वीट करके बधाई दी। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 के चाँद पर सफल लैंडिंग कराकर भारत का नाम दुनिया भर में रौशन करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई। विज्ञान की प्रगति मानव कल्याण के लिए हो यह बहुत जरूरी। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह अभियान अपने मानवीय उद्देश्य में सफल होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments