
मुंबई। परिवार में कमाने वाले सदस्य की मृत्यु के बाद आर्थिक व मानसिक रूप से थके हुए परिजनों को सहारा देने हेतु अनुकंपा आधारित नौकरी की प्रक्रिया में संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है। योग्य उम्मीदवार को जल्द से जल्द नियुक्ति देकर आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित की जानी चाहिए, यह बात परिवहन मंत्री व महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने कही। वे एसटी निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित समारोह में 70 उम्मीदवारों को अनुकंपा आधारित नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इस अवसर पर निगम के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर, वित्तीय सलाहकार व मुख्य लेखा अधिकारी गिरीश देशमुख, उम्मीदवारों के परिजन तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री सरनाईक ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम में सेवा के दौरान दिवंगत हुए अधिकारियों/कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा आधार पर नियुक्ति देने का प्रावधान है। 2016 से लंबित प्रस्तावों को गति देते हुए हाल में 66 अन्य उम्मीदवारों को भी 31 अगस्त 2025 तक नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। यातायात निरीक्षक, प्रभार अधिकारी, लेखाकार, सहायक सुरक्षा निरीक्षक, लिपिक-टंकक जैसे विभिन्न पदों पर कुल 136 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके साथ ही, निगम के प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत निर्णय प्रक्रिया को विकेंद्रीकृत करने और स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से एसटी निगम को कर्नाटक राज्य की तर्ज पर छह क्षेत्रीय प्रभागों में विभाजित किया गया है। इस क्रम में छठे नासिक क्षेत्रीय प्रभाग के गठन को औपचारिक मंजूरी दी गई।




