Sunday, August 10, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedनागपुर–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ, पीएम मोदी ने दी हरी झंडी

नागपुर–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ, पीएम मोदी ने दी हरी झंडी

नागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर नागपुर के सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर आठ पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में विधायक मोहन मते, कृष्णा खोपड़े, प्रवीण दटके, मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा, मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर बेंगलुरु–बेलगावी और कटरा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं का भी उद्घाटन किया। नागपुर–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय लगभग 12 घंटे हो जाएगा, जिससे पहले लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा। ट्रेन वर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगाँव, मनमाड, कोपरगाँव, अहिल्यानगर और दौंड स्टेशनों पर रुकते हुए दौंड कॉर्डलाइन मार्ग से पुणे पहुँचेगी। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर को फूलों, मालाओं, झंडों और तोरणों से सजाया गया था। मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया, वहीं बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र और यात्री इस अवसर के साक्षी बने। अधिकारियों के अनुसार, यह सेवा पश्चिमी महाराष्ट्र और विदर्भ के धार्मिक स्थलों की यात्रा को तेज़ और सुगम बनाएगी तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन, व्यापार और रोज़गार के अवसर बढ़ाएगी।
अहिल्यानगर–पुणे रेल लाइन पर भी विचार
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विदर्भ से पुणे जाने वाले यात्रियों की संख्या काफ़ी अधिक है, जिन्हें अब तक महंगे निजी वाहनों से यात्रा करनी पड़ती थी। नागपुर–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली वंदे भारत सेवा है। फिलहाल, अहिल्यानगर–दौंड मार्ग से पुणे जाने में 100 से 125 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए रेल मंत्रालय ने शहर और पुणे के बीच सीधा रेल मार्ग बनाने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर, अहिल्यानगर और पुणे औद्योगिक क्षेत्र हैं और इनके विकास के लिए नई रेल लाइनों का निर्माण ज़रूरी है। भविष्य में छत्रपति संभाजीनगर से पुणे तक नया एक्सप्रेसवे बनाने की योजना है, और यदि रेल मार्ग इसके राइट ऑफ वे में शामिल किया जाए, तो यात्रा दूरी और कम हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments