
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली शहर में हैरान करने वाली घटना हुई है। जहां 41 वर्षीय शख्स ने पत्नी से झगड़े के बाद जान दे दी। मृतक ने मौत को गले लगाने से पहले अपनी पत्नी को फोन कर उसकी आवाज भी सुनी। पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डोंबिवली के रहने वाले सुधाकर यादव का उसकी पत्नी संजना यादव (31) से किसी बात को लेकर मंगलवार (19 दिसंबर) को झगड़ा हो गया। जिसके बाद नाराज होकर पत्नी ठाणे के दिवा इलाके में रहने वाली अपनी बहन के घर पर चली गयी। कथित तौर पर इससे आहत होकर सुधाकर ने फांसी लगा ली। अधिकारी ने बताया कि अगले दिन बुधवार की सुबह करीब 10 बजे सुधाकर ने संजना को फोन किया। तब महिला मुंबई के कुर्ला इलाके में अपने काम पर जा रही थी। सुधाकर ने पत्नी को फोन पर कहा कि वह बस दो मिनट उसकी आवाज सुनना चाहता है। इसके बाद संजना को व्हाट्सएप पर पति सुधाकर की फांसी लगाते हुए तस्वीर मिली। बयान के मुताबिक, पति की ऐसी तस्वीर देखकर संजना दंग रह गईं। उसने तुरंत अपने पड़ोसी को फोन किया और घर जाकर सुधाकर को देखने के लिए कहा। पड़ोसी ने सुधाकर के घर की घंटी बजायी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने दरवाजा तोड़ा और सुधाकर को फंदे से लटका हुआ पाया। बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। डोंबिवली की विष्णु नगर पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस बीच, पुलिस आत्महत्या का कारण जानने के लिए छानबीन कर रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है।