
मुंबई। कुरार इलाके में 8 अप्रैल को एंटी-टेररिज्म ब्रांच (एटीबी) ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक बड़े हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने करीब 12.5 लाख रुपये नकद, कई नकली पासपोर्ट, 9 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक iPad और बैंक वायर ट्रांसफर से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़ जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में इस मामले में टेरर फंडिंग (आतंकवाद के लिए धन जुटाने) का एंगल भी सामने आया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। इससे पहले मार्च में वकोला इलाके में पुलिस और एंटी-टेररिज्म सेल (एटीसी) के संयुक्त ऑपरेशन में युगांडा की दो महिलाओं—नकायोंडो रोज़ (37) और केमिगिसा प्रोस्कोविया (26) को हिरासत में लिया गया था। दोनों पर बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रहने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं पिछले कुछ वर्षों से कलिना क्षेत्र में रह रही थीं, लेकिन उनके पास वैध वीज़ा या आवश्यक कानूनी दस्तावेज नहीं थे। वहीं फरवरी में मुंबई पुलिस ने एंटी-टेररिज्म सेल के साथ मिलकर शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, विशेषकर बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान तेज किया था। इस अभियान के तहत वेरिफिकेशन और डिपोर्टेशन प्रक्रिया के दौरान एक सप्ताह में 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि मुंबई में अवैध गतिविधियों और संभावित सुरक्षा खतरों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सख्त कदम उठा रही हैं।




