
मुंबई। महाराष्ट्र वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने कर चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत मेसर्स नीलकंठ ट्रेडर्स के मालिक सुरेश शिवजी कटारिया (56 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 25 सितंबर 2025 को की गई थी। राज्य कर उपायुक्त (जनसंपर्क) जनार्दन आटपाडकर ने 29 सितंबर 2025 को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि फर्जी चालान बनाने के आरोप में की गई जांच में पता चला कि कटारिया ने बिना किसी वास्तविक माल के लेनदेन के गैर-मौजूद करदाताओं से 10.53 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया था। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, एस्प्लेनेड मुंबई ने सुरेश शिवजी कटारिया को 10 अक्टूबर 2025 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त संतोष आर. खेडकर, दीप्ति एन. पिलारे, राज्य कर निरीक्षक और कर सहायकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह कार्रवाई राज्य कर संयुक्त आयुक्त, अन्वेषण-सी प्रभाग, मुंबई और राज्य कर उपायुक्त, अन्वेषण-सी प्रभाग, मुंबई यास्मीन ए. मोलकर के निर्देशन में की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में यह महाराष्ट्र जीएसटी विभाग द्वारा 30वीं गिरफ्तारी है। विभाग ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है जो बिना वास्तविक लेन-देन के फर्जी रिकॉर्ड बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का दुरुपयोग करते हैं।




