
उद्योग और निर्यात को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
नवी मुंबई। फेडएक्स के समर्पित कार्गो हब का भूमिपूजन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने इसे भारत, मुंबई और महाराष्ट्र के लिए आपूर्ति प्रबंधन क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इस सुविधा से राज्य के उद्योग, निर्यात और व्यापार को बड़ी गति मिलेगी। कार्यक्रम में वनमंत्री गणेश नाईक, विधायक मंदा म्हात्रे, पूर्व सांसद रामशेठ ठाकूर, सिडको के प्रबंध निदेशक एवं उपाध्यक्ष विजय सिंघल, रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावळे, नवी मुंबई महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक जीत अदानी, फेडएक्स के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज सुब्रमण्यम सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि फेडएक्स की वैश्विक उपस्थिति और अत्याधुनिक तकनीक के कारण महाराष्ट्र में कार्गो हैंडलिंग और व्यापार को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतल भविष्य में देश के सबसे व्यस्त और उन्नत यात्री व कार्गो हवाई अड्डों में शामिल होगा। उन्होंने आगे कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) भारत के भविष्य के आर्थिक विकास का केंद्रबिंदु है और वर्ष 2047 तक पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आपूर्ति प्रबंधन लागत को कम करना देश के विकास के लिए आवश्यक है और फेडएक्स जैसी कंपनियों की तकनीकी दक्षता इस दिशा में सहायक सिद्ध होगी। प्रास्ताविक भाषण में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक जीत अदानी ने कहा कि नवी मुंबई को वैश्विक हब के रूप में चुनना महाराष्ट्र की बुनियादी ढांचा क्षमता पर अंतरराष्ट्रीय विश्वास को दर्शाता है। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के निकट इसकी रणनीतिक स्थिति और आधुनिक कार्गो सुविधाएं इसे वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाएंगी। फेडएक्स के अध्यक्ष एवं सीईओ राज सुब्रमण्यम ने बताया कि यह भारत में कंपनी का पहला पूर्णतः स्वचालित और अत्याधुनिक एअर कार्गो हब होगा, जो लगभग तीन लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का दीर्घकालीन निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत की राष्ट्रीय आपूर्ति प्रबंधन नीति और पीएम गतिशक्ति योजना के अनुरूप है। फेडएक्स का नेटवर्क लगभग 220 देशों में फैला है और नवी मुंबई हब के माध्यम से भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेगा।




