
मुंबई। राज्यपाल एवं कुलाधिपति सी.पी.राधाकृष्णन ने कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी और उनकी पत्नी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह दुखद घटना उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के निकट घटित हुई। प्रो. हरेराम त्रिपाठी एक प्रख्यात संस्कृत विद्वान, शोधकर्ता और लोकप्रिय शिक्षक थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और विश्वविद्यालय के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। हाल ही में उनके प्रयासों से निर्मित विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय हेडगेवार शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया गया था। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने न केवल बुनियादी ढांचे का विकास किया, बल्कि अनेक संगोष्ठियों का आयोजन और महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया। राज्यपाल राधाकृष्णन ने अपने शोक संदेश में कहा, उनके निधन से हमने एक उत्कृष्ट शोधकर्ता, विद्वान और कुशल प्रशासक को खो दिया है, जिन्होंने संस्कृत भाषा की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया।