
मुंबई। देश के जाने माने गजल गायक पंकज उधास का सोमवार को 72 साल की उम्र में निधन हो गया। पंकज उधास की बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टकर अपने पिता के निधन की जानकारी दी। पंकज उधास के गजलों को देश के साथ ही विदेश में भी काफी पसंद किया जाता था। मिली जानकारी के मुताबिक पंकज उधास का निधन 26 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ। गायक लंबे समय से बीमार थे। बीते कई दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। सिंगर के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके चाहने वालों को झटका लगा है। सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए फैंस श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पंकज उधास को ‘चिट्ठी आई है’ सॉन्ग मिलने की कहानी बेहद दिलचस्प है। पंकज जब बॉलीवुड फिल्मों में सफलता नहीं मिलने पर विदेश गए तो वहां स्टेज शो करना शुरू कर दिया। इन स्टेज शो के जरिए वह बेहद पॉपुलर हो गए। इसी दौरान एक्टर और प्रोड्यूसर राजेंद्र कुमार ने विदेश में ही एक शो के दौरान उनका गाना सुना। इससे वह बेहद प्रभावित हुए और पंकज को अपनी फिल्म में गाना गाने और कैमियो करने का ऑफर दिया। राजेंद्र कुमार के असिस्टेंट ने इसके लिए पंकज से बात भी की। हालांकि, पंकज उधास ने यह ऑफर ठुकरा दिया।
गुजरात के जेतपुर गांव में हुआ था जन्म
पंकज उधास का जन्म गुजरात के छोटे से गांव जेतपुर में हुआ था। जमींदार परिवार से ताल्लुक रखने वाले पंकज अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका परिवार राजकोट के पास स्थित एक कस्बा चरखाड़ी में रहा करता था। पंकज उधास के दादा गुजरात के भावनगर स्टेट के दीवान के तौर पर सेवाएं दे चुके थे। पंकज के पिता केशुभाई उधास सरकारी नौकरी से रिटायर हुए थे और इसराज बजाने में बेहद दिलचस्पी लिया करते थे।