
गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स यूनिवर्सल बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड, उसकी समूह कंपनियों के पूर्व प्रमोटरों और उनके सहयोगियों की 153.16 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर ली हैं। कुर्क की गई संपत्तियों में राजस्थान के कोटपुतली स्थित बहरोड़ में 29.45 एकड़ जमीन, गुरुग्राम के सेक्टर-49 में यूनिवर्सल ट्रेड टॉवर की कई इकाइयां और 3.16 करोड़ रुपये की सावधि जमा शामिल हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत 17 सितंबर 2025 को जारी अस्थायी कुर्की आदेश पर की गई। ईडी ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व प्रमोटरों और अन्य सहयोगियों को आरोपी बनाते हुए 19 सितंबर 2025 को गुरुग्राम स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत भी दाखिल की है। जांच एजेंसी ने दिल्ली-एनसीआर में यूनिवर्सल बिल्डवेल और उसके प्रमोटरों- रमन पुरी, विक्रम पुरी और वरुण पुरी के खिलाफ दर्ज 30 से अधिक एफआईआर के आधार पर यह जांच शुरू की थी। एफआईआर में आरोप था कि कंपनी ने रियल एस्टेट परियोजनाओं को समय पर पूरा नहीं किया और घर खरीदारों व निवेशकों को धोखा देकर भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया। ईडी ने तीनों पूर्व प्रमोटरों और निदेशकों को 22 जुलाई 2025 को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि कुर्क की गई संपत्तियां उन पैसों से खरीदी गईं, जो कथित तौर पर निवेशकों से धोखाधड़ी कर जुटाए गए थे। मामले की आगे की जांच जारी है।




