
पालघर। विरार पश्चिम के अर्नाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। यह हमला सोमवार सुबह करीब 3 बजे अर्नाला के बंदर पाड़ा गांव में रहने वाले गोवारी परिवार पर हुआ था। घायलों की पहचान जगन्नाथ गोवारी (76), लीला गोवारी (72) और नेत्र गोवारी (52) के रूप में हुई है। घटना के बाद अर्नाला कोस्टल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट 3 ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक तकनीकी और फील्ड ऑपरेशन चलाया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
क्राइम ब्रांच टीम ने इस हमले से संबंधित 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी मुंबई में छिपा हुआ है। इसके बाद छापेमारी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दीपेश अशोक नाइक (29) के रूप में हुई है, जो मुंबई में एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।
भारी कर्ज और ठगी के पुराने मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भारी कर्ज में डूबा हुआ था और उसने गोवारी परिवार पर लूटपाट के इरादे से हमला किया था। प्रारंभिक पूछताछ में नाइक ने स्वीकार किया कि उस पर 40 से 50 लाख रुपए तक का कर्ज था। इसके अलावा वह पहले भी कई लोगों को धोखा देकर पैसे ठग चुका था। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे के मार्गदर्शन में की गई। जांच दल का नेतृत्व क्राइम ब्रांच यूनिट 3 के पुलिस निरीक्षक शाहूराज रणवारे, सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले और पुलिस उपनिरीक्षक रामचंद्र पाटिल ने किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए अर्नाला कोस्टल पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने अकेले हमला किया या किसी और की मदद ली थी। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।




