
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर सीमा शुल्क विभाग ने सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम करते हुए 1.78 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का सोना जब्त किया है। इस मामले में दुबई से लौटे दो यात्रियों और दो कथित रिसीवरों सहित चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सोने का कुल वजन लगभग 1,550 ग्राम है, जिसे बेहद चालाकी से यात्रियों के मोजों के अंदर मोम में मिले सोने के चूर्ण के रूप में छिपाया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सोने का मूल्य 1,78,26,165 रुपए आँका गया है। खुफिया सूचना के आधार पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 12 नवंबर की शाम को कार्रवाई करते हुए दोनों यात्रियों को रोका। गिरफ्तार यात्रियों की पहचान नितिन कुमार प्रेमचंद पांचाल और कल्याणी मुकेश पांचाल के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक की थैलियों में छिपाया गया मोम मिश्रित सोने का पेस्ट बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि हवाई अड्डे के बाहर दो व्यक्ति इस सोने को प्राप्त करने के लिए इंतजार कर रहे थे। सीमा शुल्क अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध प्राप्तकर्ता गोंदलिया ललितकुमार छगनलाल और रामजी कुम्हार को हिरासत में ले लिया। एक सरकारी मूल्यांकनकर्ता ने बाद में पुष्टि की कि बरामद पदार्थ 24 कैरेट सोने का चूर्ण था, जिसे मोम में मिलाकर छिपाया गया था। सभी चारों आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता प्रभाकर त्रिपाठी ने अदालत में दावा किया कि विभाग ने दो अलग-अलग बरामदगियों- 700 ग्राम और 750 ग्राम को जोड़कर कुल मूल्य बढ़ा दिया, ताकि 1 करोड़ रुपए की सीमा पार कर अपराध को गैर-जमानती श्रेणी में लाया जा सके। हालाँकि, विभाग की ओर से बताया गया कि दोनों यात्रियों ने पूछताछ में यह स्वीकार किया कि वे क्रमशः 25,000 रुपए और 10,000 रुपए के बदले सोने को देश में लाने के लिए तैयार हुए थे। अधिकारियों ने इस तस्करी को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा बताते हुए कहा कि मामले की जाँच अभी प्रारंभिक चरण में है और आगे की पूछताछ से अन्य लिंक उजागर होने की संभावना है।




