
मुंबई। क्राइम ब्रांच यूनिट 6 ने चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर बदलने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और कुल 84,100 रुपये की कीमत का सामान जब्त किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को साकीनाका-पावई इलाके के तुंगा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जानकारी की पुष्टि के बाद यूनिट 6 की टीम ने दुकान नंबर 8 पर छापा मारा और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुकान मालिक रामप्रसाद राजभर (37) और मोबाइल मैकेनिक गुलाम रसूल राशिद खान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल क्रोम के जरिए मोबाइल ऐप और अनलॉक टूल्स का इस्तेमाल करके चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर बदल रहे थे। छापेमारी में पुलिस ने एक नकली इनफीनिक्स मोबाइल फोन, एक CPU, डेल LCD मॉनिटर, माउस, कीबोर्ड, राउटर, चार संदिग्ध मोबाइल फोन, नकदी और दोनों आरोपियों के निजी मोबाइल फोन जब्त किए। इस मामले में पावई पुलिस स्टेशन में बीएनएस सेक्शन 336(2), 336(3), 340(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 65 के तहत मामला दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच अब इस रैकेट से जुड़े बड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।




