
नागपुर। नागपुर शहर में बढ़ती जनसंख्या, बाहरी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे शहरीकरण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भांडेवाड़ी में नए पुलिस स्टेशन की शुरुआत की गई है। रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जनता से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सुसज्जित भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस नए पुलिस स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों को तेज और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।इस कार्यक्रम में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, विधायक कृष्णा खोपड़े, पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंघल, पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि भांडेवाड़ी पुलिस स्टेशन में अत्याधुनिक सुविधाएं, आधुनिक तकनीकी साधन और नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी। इससे नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंघल ने स्वागत भाषण देते हुए पुलिस स्टेशन की विशेषताओं और सुविधाओं की जानकारी प्रस्तुत की। नागपुर पुलिस ने एक बार फिर नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह नया पुलिस स्टेशन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




