Sunday, April 5, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraडॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती पर भव्य आयोजन की तैयारियां को लेकर मुख्यमंत्री...

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती पर भव्य आयोजन की तैयारियां को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की समीक्षा बैठक

मुंबई। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों और भारतीय संविधान ने देश को प्रगति की दिशा प्रदान की है। उनके कार्य और समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को हर वर्ग तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। महाराष्ट्र सरकार हर वर्ष उनकी जयंती को अधिक प्रभावी और भव्य रूप से मनाने का प्रयास करती है, और इस वर्ष भी इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपील की है कि जयंती को केवल उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों के प्रसार के रूप में मनाया जाए। 14 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती की 135वीं जयंती की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सह्याद्री अतिथि गृह में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, अश्विनी भिडे, देवेन भारती सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है, जिसके समावेशी सिद्धांतों ने भारत को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया है। हर वर्ष 14 अप्रैल को देशभर से लाखों अनुयायी चैत्यभूमि पहुंचकर बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए मंडप, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुंबई पुलिस को दादर और आसपास के क्षेत्रों में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना बनाने को कहा गया है। इसके अलावा, बेस्ट द्वारा दादर रेलवे स्टेशन से चैत्यभूमि तक अतिरिक्त बस सेवाएं चलाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान हो सके। नागरिकों के मार्गदर्शन के लिए सूचना पट भी लगाए जाएंगे। मंत्री संजय शिरसाट ने बताया कि भारतीय संविधान को घर-घर तक पहुंचाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. आंबेडकर के “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” संदेश को ध्यान में रखते हुए छात्रों के लिए बड़े पैमाने पर छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है। जयंती के अवसर पर 13 अप्रैल की शाम चैत्यभूमि परिसर में डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस सलामी, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, शिवाजी महाराज मैदान में विशाल निवास मंडप, स्वास्थ्य सुविधाएं, प्रदर्शनी और परिसर की आकर्षक सजावट जैसे कार्यक्रमों की भी योजना बनाई गई है। बैठक में बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया और इस अवसर पर मान्यवरों के हाथों डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments