
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अहम रणनीतिक फैसला लिया है। पार्टी ने अमित साटम को मुंबई बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पद के लिए प्रवीण दरेकर का नाम भी चर्चा में था, लेकिन अंतिम फैसला साटम के पक्ष में हुआ। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनके नाम पर सहमति जताई।
किसकी जगह आए अमित साटम?
अमित साटम मुंबई उपनगर से विधायक और पार्टी के आक्रामक चेहरे के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने आशिष शेलार की जगह ली है, जो इस पद के साथ-साथ राज्य सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक कार्य विभाग के मंत्री भी थे। मुंबई महानगरपालिका चुनाव अगले तीन से चार महीनों में होने की संभावना है। बीजेपी का लक्ष्य इस बार मुंबई महानगरपालिका पर कब्जा जमाना और पार्टी का महापौर बैठाना है। 2014 के विधानसभा चुनाव के बाद से मुंबई में बीजेपी का जनाधार बढ़ा है, खासकर उपनगर क्षेत्रों में। बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संभावित एकजुटता हो सकती है। कई वर्षों से मुंबई महापालिका पर शिवसेना का वर्चस्व रहा है। लेकिन 2022 में शिवसेना के दो गुटों में बंटने के बाद उद्धव ठाकरे के लिए महापालिका जीतना आसान नहीं रहा। संभावना जताई जा रही है कि दोनों ठाकरे बंधु मराठी मतों का विभाजन रोकने के लिए साथ आ सकते हैं।