Saturday, April 19, 2025
Google search engine
HomeMaharashtraसंविदा पर भर्ती के मामले पर माफी मांगें भाजपा और मुख्यमंत्री शिंदे-...

संविदा पर भर्ती के मामले पर माफी मांगें भाजपा और मुख्यमंत्री शिंदे- नाना पटोले

मुंबई। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार को संविदा पर भर्ती के जरिए युवाओं के साथ किए गए अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर फर्जी विरोध प्रदर्शन नहीं करना चाहिए। भाजपा ने आज राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन कर सरकारी नौकरियों में संविदा के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विपक्षी नेताओं उद्धव ठाकरे और शरद पवार से माफी मांगने की मांग की। राज्य के उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार को नौ निजी एजेंसियों द्वारा संविदा पर कर्मचारियों की भर्ती के लिए एक सरकारी आदेश को रद्द करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि पूर्ववर्ती महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार ने अल्पकालिक आधार पर कर्मचारियों की भर्ती करने का निर्णय लिया था। पटोले ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा और फडणवीस ने युवाओं को नौकरियों से वंचित कर दिया है, जबकि राज्य की परियोजनाएं गुजरात को दे दी गईं। उन्होंने कहा, ‘भाजपा और फडणवीस को यह नौटंकी (विरोध प्रदर्शन करने की) बंद कर माफी मांगनी चाहिए तथा शिंदे और अजित पवार को भी ऐसा करना चाहिए। फडणवीस संविदा भर्ती के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि संविदा पर भर्ती करने का निर्णय लेने के लिए जिम्मेदार मंत्रियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। बारामती के सांसद सुले ने पत्रकारों से कहा कि संविदा पर भर्ती के मुद्दे पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री फडणवीस को अपने कार्यकर्ताओं को बताना चाहिए कि उनकी पार्टी सत्ता में है। सुले ने कहा, (संविदा भर्ती को लेकर) सरकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने वाले मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments