सूखे की मार झेल रहे किसानों के साथ खड़ी रहेगी शिवसेना : एकनाथ शिंदे

मेहकर में किसान संवाद मेले में उपमुख्यमंत्री का भरोसा, किसानों के बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह में मदद का किया ऐलान

बुलढाणा। बुलढाणा जिले के मेहकर तालुका में आयोजित सूखाग्रस्त किसान संवाद मेले और सेवा संकल्प अभियान में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किसानों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में शिवसेना उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया। शिंदे ने कहा कि सूखाग्रस्त किसानों के घर में उनके साथ भोजन करते हुए उनके जीवन की पीड़ा और संघर्ष को करीब से महसूस किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसानों के बच्चों के सपनों और शिक्षा में बाधा नहीं आने दी जाएगी। शिवसेना उनकी पढ़ाई में मदद करेगी। साथ ही किसानों की बेटियों के विवाह आर्थिक तंगी के कारण न रुकें, इसके लिए स्थानीय शिवसेना पदाधिकारियों से सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर सहयोग करने की अपील की।
शिंदे ने प्रशासन को निर्देश दिया कि किसानों को साहूकारों, बैंकों और माइक्रोफाइनेंस संस्थाओं की कर्ज वसूली के नाम पर परेशान न किया जाए। धमकाने वाली संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के छह हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त छह हजार रुपये अग्रिम दिए गए हैं। इसके अलावा कर्ज वसूली पर रोक, जमीन के राजस्व में छूट, कृषि पंपों के बिजली बिल में राहत, परीक्षा शुल्क में छूट और मनरेगा के नियमों में ढील जैसे कदम उठाए गए हैं। सूखे की स्थिति से निपटने के लिए चारा छावनियां, पानी की आपूर्ति, पशुओं के लिए चारा और छावनियों तक नहीं पहुंच पाने वाले किसानों को घर तक चारा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने जलयुक्त शिवार, जलतारा अभियान, श्री श्री रविशंकर की टीम के सहयोग से जल संरक्षण, क्लस्टर खेती, कम पानी में होने वाली फसलों और प्रगतिशील किसानों के मार्गदर्शन के जरिए खेती के नए विकल्प विकसित करने की जानकारी दी। शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महाराष्ट्र को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने छह महीने के मानधन की 7 लाख 51 हजार रुपये की राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि के लिए चेक के माध्यम से सौंपी। उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की गई। कार्यक्रम में जरूरतमंदों को ट्रैक्टर, सिलाई मशीन और साइकिलें भी वितरित की गईं। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, विधायक संजय गायकवाड, वसंत खंडेलवाल, किरण सरनाईक, मनोज कायंदे, जिलाधिकारी डॉ. प्रवीणकुमार देवरे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी भालचंद्र चव्हाण, पूर्व विधायक संजय रायमुलकर, शशिकांत खेडेकर सहित शिवसेना पदाधिकारी, शिवसैनिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *