रोहित शर्मा ने की पत्नी रितिका की जमकर तारीफ, बोले- ‘मेरी बीवी बहुत अच्छी मां है’

क्रिकेट की व्यस्तता के चलते बच्चों को नहीं दे पाते ज्यादा समय, सात साल की बेटी भी लगाती है उन्हें डांट

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों अपने शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, परिवार और बच्चों के साथ रिश्तों को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए। बातचीत में रोहित ने बताया कि क्रिकेट की व्यस्तता के कारण उन्हें अक्सर घर से बाहर रहना पड़ता है, ऐसे में उनकी पत्नी रितिका सजदेह बच्चों की ज्यादातर जिम्मेदारी संभालती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सात साल की बेटी उनकी कुछ आदतों पर उन्हें डांटती भी है। शो में रोहित से पूछा गया कि बच्चों की नैनी के छुट्टी पर जाने के दौरान उनकी देखभाल कौन करता है? इस पर उन्होंने बेबाकी से कहा कि बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी उनकी पत्नी रितिका ज्यादा निभाती हैं, क्योंकि क्रिकेट के कारण वह अक्सर घर पर मौजूद नहीं रहते। रोहित ने कहा कि जब भी वह घर पर होते हैं, बच्चों के साथ अधिक से अधिक समय बिताने और उनकी देखभाल करने की कोशिश करते हैं। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी में बच्चे ज्यादातर समय अपनी मां के साथ ही बिताते हैं। रोहित ने स्वीकार किया कि मैचों और दौरों के दौरान उन्हें अपने बच्चों की बहुत याद आती है। उनकी इच्छा रहती है कि जब भी टीम मैदान पर उतरे, उनका परिवार और बच्चे भी उनके साथ मौजूद रहें। उन्होंने बताया कि बच्चों को मैदान पर आना और मैच देखना पसंद है, लेकिन इससे भी ज्यादा उन्हें अपने माता-पिता के साथ समय बिताना अच्छा लगता है। बातचीत के दौरान रोहित ने पत्नी रितिका की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रितिका बच्चों की जिस तरह देखभाल करती हैं, उससे उन्हें काफी सुकून मिलता है। जब वह क्रिकेट के सिलसिले में घर से बाहर होते हैं, तो उन्हें बच्चों की चिंता नहीं रहती, क्योंकि उन्हें पूरा भरोसा है कि रितिका उनका अच्छी तरह ध्यान रखेंगी। रोहित ने कहा- मेरी बीवी बहुत अच्छी मां है, तो मैं उनको सलाम करना चाहता हूं। मेरा काम बहुत आसान हो जाता है, जब मैं बाहर रहता हूं। मुझे पता है कि रितिका बच्चों के साथ घर में है, तो मुझे उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। रोहित ने बच्चों की परवरिश में परिवार के बुजुर्गों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उनका मानना है कि जब माता-पिता अपने काम में व्यस्त रहते हैं, तब बच्चों को दादा-दादी और नाना-नानी का साथ मिलना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उनके परिवार के बुजुर्ग सक्रिय हैं और बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *