मसीटें बढ़ाने की सियासत में क्षेत्रीय संतुलन दांव पर!

संसद की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगी। दिलचस्प बात यह है कि इसे कोई विशेष संसद सत्र नहीं कहा जा रहा, बल्कि जुलाई में बुलाए गए मॉनसून सत्र की निरंतरता बताया जा रहा है। चार महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उस सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया। सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर संसद के सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त न करने के पीछे क्या रणनीति है? दिसंबर में आमतौर पर शीतकालीन सत्र बुलाया जाता है, लेकिन इस बार सरकार ने मॉनसून सत्र को ही आगे बढ़ाने का रास्ता चुना है। संसद के नियमों में इसकी गुंजाइश हो सकती है, लेकिन इस असामान्य प्रक्रिया के पीछे राजनीतिक मंशा पर सवाल उठना भी लाजिमी है। इस बार संसद की कार्यवाही का सबसे अहम एजेंडा महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक बताया जा रहा है। लोकसभा की कार्यवाही लगातार तीन दिन चल सकती है, जबकि राज्यसभा के लिए 2 और 3 दिसंबर की तारीखें तय की गई हैं। सरकार की कोशिश है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो जाए। हालांकि, इस पूरी कवायद में सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को परिसीमन की राजनीतिक और संवैधानिक बहस से क्यों जोड़ा जा रहा है?
गौरतलब है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून भी बन चुका है। अब इसके क्रियान्वयन को परिसीमन और जनगणना से जोड़ने की प्रक्रिया पर जोर दिया जा रहा है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में लगभग 50 प्रतिशत तक वृद्धि की चर्चा है। लेकिन इस प्रस्ताव को पारित कराने के लिए सरकार को संविधान संशोधन की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसे विधेयक के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई समर्थन जरूरी है। यही वजह है कि सरकार विपक्षी दलों और छोटे राजनीतिक दलों का समर्थन जुटाने में लगी हुई है। राजनीतिक समीकरण भी कम दिलचस्प नहीं हैं। सरकार के पास अपने सहयोगी दलों के समर्थन के बावजूद संविधान संशोधन के लिए आवश्यक संख्या जुटाना आसान नहीं है। ऐसे में द्रमुक सहित विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों का समर्थन हासिल करने की कोशिशें की जा रही हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस के सांसदों के समर्थन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हैं। छोटे दलों और निर्दलीय सांसदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, सरकार के पक्ष में कितने सांसद वास्तव में मतदान करेंगे, इसका फैसला सदन में ही होगा। केवल राजनीतिक दावों और संभावित समर्थन के आधार पर विधेयक की सफलता तय नहीं मानी जा सकती।
लेकिन इस पूरी राजनीतिक कवायद में सबसे गंभीर सवाल परिसीमन के आधार को लेकर है। आखिर नई जनगणना के आंकड़े आने से पहले 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है? वर्ष 2011 में देश की आबादी लगभग 121 करोड़ थी, जबकि अब जनसंख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो चुकी है। ऐसे में पुराने आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन कितना न्यायसंगत होगा? जब देश में जनगणना की प्रक्रिया जारी है, तो उसके अद्यतन आंकड़ों की प्रतीक्षा क्यों नहीं की जा रही?
परिसीमन का उद्देश्य केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाना नहीं होना चाहिए, बल्कि देश की बदलती जनसंख्या, क्षेत्रीय संतुलन और प्रतिनिधित्व की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखना भी जरूरी है। यदि पुराने आंकड़ों के आधार पर सीटों का पुनर्गठन किया जाता है, तो कई राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन पर असर पड़ सकता है। विशेष रूप से दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं गंभीर हैं। जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें यह आशंका है कि केवल आबादी के आधार पर सीटों का बंटवारा उनके राजनीतिक प्रभाव को कम कर सकता है। इसलिए परिसीमन की प्रक्रिया में सभी राज्यों के हितों और संघीय ढांचे की संवेदनशीलता का ध्यान रखना अनिवार्य है। भारत में इससे पहले परिसीमन आयोग ने 2002 में काम शुरू किया था और 2001 की जनगणना के आधार पर 2008 में परिसीमन के आदेश लागू किए गए थे। तब से देश की जनसंख्या, शहरीकरण, आर्थिक स्थिति और क्षेत्रीय जरूरतों में व्यापक बदलाव आया है। ऐसे में नए परिसीमन की आवश्यकता से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह प्रक्रिया अद्यतन जनगणना के आधार पर नहीं होनी चाहिए? लोकतंत्र में सीटों का पुनर्गठन केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार नहीं, बल्कि पारदर्शी और न्यायसंगत आधार पर होना चाहिए।
महिला आरक्षण का मुद्दा देश की आधी आबादी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने से जुड़ा है। इसे किसी दल की चुनावी रणनीति या सत्ता के विस्तार का माध्यम नहीं बनने देना चाहिए। महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित भागीदारी मिलनी ही चाहिए, लेकिन इस उद्देश्य की आड़ में परिसीमन की प्रक्रिया को जल्दबाजी में आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा। सरकार को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि सीटों की संख्या किस आधार पर बढ़ेगी, राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन कैसे कायम रखा जाएगा और नई जनगणना के आंकड़ों की अनदेखी क्यों की जा रही है। महिला आरक्षण पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन उसके नाम पर परिसीमन की जल्दबाजी भी स्वीकार्य नहीं है। संसद में बहुमत जुटाना सरकार की राजनीतिक चुनौती हो सकती है, मगर देश के संघीय ढांचे और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का भविष्य किसी राजनीतिक गणित के हवाले नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में संख्या का महत्व है, लेकिन उससे भी बड़ा महत्व न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व का है।
