कळवा में 94.78 लाख का प्रतिबंधित गुटखा जब्त, कंटेनर चालक गिरफ्तार

53 बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था ‘Gold 9000’ गुटखा, सात अन्य आरोपियों की तलाश, सप्लाई नेटवर्क पर उठे सवाल

ठाणे। गुटखे के अवैध कारोबार से कुछ लोगों की जेबें भले भर रही हों, लेकिन इसकी कीमत आम जनता की सेहत चुका रही है। महाराष्ट्र में प्रतिबंध के बावजूद गुटखे की खरीद-बिक्री और तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। कळवा पुलिस ने पारसिक सर्कल में छापा मारकर करीब 94 लाख 78 हजार रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और उसे ढोने वाला आयशर कंटेनर जब्त किया है। इस मामले में चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े सात अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे पारसिक सर्कल, कळवा में एक संदिग्ध आयशर कंटेनर (क्रमांक TG-12-U-1611) को रोककर तलाशी ली गई। कंटेनर के आगे और पीछे सामान्य सामान रखा गया था, जबकि बीच में छिपाकर 53 बड़ी बोरियों में प्रतिबंधित ‘Gold 9000’ गुटखा ले जाया जा रहा था। तलाशी में 19,080 पैकेट बरामद हुए, जिनकी कीमत 66 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है। कंटेनर की कीमत 28 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त माल और वाहन का कुल मूल्य 94 लाख 78 हजार रुपये है।
चालक गिरफ्तार, सात अन्य की तलाश
पुलिस ने कंटेनर चालक मेहराज करीम शेख (32), निवासी भिवंडी और मूल निवासी हैदराबाद, को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब कथित उत्पादकों, ट्रांसपोर्टरों और वितरकों सहित सात अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में पहुंचाया जाना था। अपर पुलिस आयुक्त अशोक दुधे और पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अन्न सुरक्षा अधिकारी अरुणा वीरकायदे की शिकायत पर कळवा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 743/2026 के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *