बीएमसी के स्विमिंग पूल में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था की होगी सख्त निगरानी

महिला एवं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष मीनल तुर्डे ने दादर और चेंबूर के जलतरण केंद्रों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनल संजय तुर्डे ने बुधवार (25 नवंबर 2026) को दादर पश्चिम और चेंबूर स्थित बीएमसी के जलतरण तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं, रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने जलतरण केंद्रों के दैनिक संचालन और नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तुर्डे ने निर्धारित नियमों के अनुसार पर्याप्त संख्या में लाइफगार्ड की तैनाती, फिल्ट्रेशन प्लांट का नियमित संचालन और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। संबंधित ठेकेदारों के कामकाज और रखरखाव व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदार निर्धारित शर्तों और नियमों का पालन करें तथा महानगरपालिका अधिकारियों की ओर से दिए गए निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करें। तुर्डे ने जलतरण तालाबों में क्लोरीनेशन प्रक्रिया के लिए नियुक्त कंपनी के कामकाज की गहन जांच करने और जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि नियमों के उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के जलतरण तालाबों में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए लाइफगार्ड की उपलब्धता, फिल्ट्रेशन व्यवस्था, पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी जरूरी है।
