खेल परिसरों में वर्षों से पड़े अनुपयोगी फंड को वापस लेकर जरूरतमंद परिसरों को आवंटित करें : सुनेत्रा पवार

उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य खेल विकास समिति की बैठक; शेष निधि तत्काल खर्च करने और लंबित प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखने के निर्देश

मुंबई। राज्य के विभिन्न संभागीय, जिला और तहसील स्तरीय खेल परिसरों को प्रशासनिक मंजूरी देने के संबंध में राज्य खेल विकास समिति की बैठक गुरुवार को सह्याद्री राज्य अतिथि गृह में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुनेत्रा पवार ने निर्देश दिए कि खेल परिसरों के लिए लंबे समय से संबंधित समितियों के पास पड़े अप्रयुक्त फंड को वापस लेकर उसकी तत्काल आवश्यकता वाले अन्य खेल परिसरों को पुनर्वितरित किया जाए। इसके साथ ही उपलब्ध शेष निधि को भी बिना देरी खर्च किया जाए। सुनेत्रा पवार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी अनुदान की निर्धारित सीमा से बाहर आने वाले खेल परिसरों के प्रस्तावों को मंजूरी के लिए तत्काल मंत्रिमंडल की बैठक के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल सुविधाओं के विकास में धन की कमी नहीं होनी चाहिए और उपलब्ध निधि का उचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, उपमुख्यमंत्री के सचिव डॉ. राजेश देशमुख, खेल एवं युवा सेवा आयुक्त दीपक सिंगला, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सचिव आबासाहेब नागरगोजे सहित वित्त, नियोजन, नगर विकास-2, राजस्व और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *