SRA परियोजना के नाम पर फुटपाथ पर अतिक्रमण! अनुपम बिल्डर्स की मनमानी पर SRA और BMC अधिकारियों की चुप्पी
निर्माण स्थल के बाहर फैला मलबा, गंदगी और क्षतिग्रस्त फुटपाथ से राहगीर परेशान, बॉम्बे हाई कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं सुधर रहे हालात

मुंबई। मुंबई में झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजना (SRA) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की आड़ में सार्वजनिक सुविधाओं पर कब्जे और नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आ रहे हैं। बीएमसी के/पूर्व विभाग के कार्यक्षेत्र में आने वाले विलेपार्ले पूर्व के नंदा पाटकर मार्ग पर अनुपम बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ‘जय गणेश SRA सहकारी गृहनिर्माण संस्था’ के नाम से परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के बाहर फुटपाथ की स्थिति ने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
निर्माण स्थल के बाहर लोहे की चादरों से फुटपाथ का एक हिस्सा बाधित किया गया है। वहीं, रास्ते पर मलबा, कचरा और निर्माण सामग्री बिखरी दिखाई दे रही है। फुटपाथ का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फुटपाथ पर कब्जा, मलबे और गंदगी से नागरिक परेशान
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि बिल्डर ने निर्माण कार्य के नाम पर फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रखा है। निर्माण स्थल के आसपास सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से गंदगी और मलबा जमा है। फुटपाथ क्षतिग्रस्त होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। निर्माण स्थल की घेराबंदी और सड़क किनारे फैली अव्यवस्था से सार्वजनिक रास्ते के इस्तेमाल पर भी असर पड़ रहा है। नियमानुसार निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, पैदल रास्ते की उपलब्धता और आसपास स्वच्छता बनाए रखना संबंधित एजेंसियों तथा निर्माणकर्ता की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस परियोजना में इन व्यवस्थाओं का उचित पालन किया जा रहा है?
SRA और BMC अधिकारियों की निगरानी पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि SRA और बीएमसी के संबंधित अधिकारी इस स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं। यदि निर्माण स्थल पर फुटपाथ बाधित है, रास्ता क्षतिग्रस्त है और मलबा-कचरा फैला हुआ है, तो अब तक संबंधित विभागों ने निरीक्षण कर कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या बिल्डर को फुटपाथ खाली करने, मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं?
मुंबई में स्वच्छता, पर्यावरण और सार्वजनिक स्थानों के रखरखाव को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा बीएमसी आयुक्त और SRA प्रशासन को फटकार लगाए जाने के बावजूद यदि जमीनी स्तर पर ऐसी स्थिति बनी हुई है, तो यह प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
बिल्डर की जिम्मेदारी कौन तय करेगा?
SRA परियोजना का उद्देश्य झोपड़पट्टीवासियों को बेहतर आवास उपलब्ध कराना है, न कि निर्माण के नाम पर आम नागरिकों के रास्ते बाधित करना। विकास कार्यों के दौरान फुटपाथ, सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचने पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। अब देखना यह है कि SRA और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी इस निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, मलबा साफ कराने और क्षतिग्रस्त फुटपाथ की मरम्मत के लिए क्या कदम उठाते हैं। क्या संबंधित अधिकारी अनुपम बिल्डर्स के खिलाफ कार्रवाई करेंगे या फिर बिल्डर की मनमानी इसी तरह जारी रहेगी?
