मुंबई बुक फेस्टिवल के चिल्ड्रन्स कॉर्नर में 1,200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कहानी, मराठी लोकनृत्य और लेखकों से संवाद के तीन सत्रों का आयोजन, पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी

मुंबई। मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना परिसर में आयोजित मुंबई बुक फेस्टिवल 2026 के ‘चिल्ड्रन्स कॉर्नर’ में तीन अलग-अलग सत्रों के माध्यम से करीब 1,200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के लिए यहां साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनसीएलएल के संपादक दीप सैकिया ने इन गतिविधियों की जानकारी दी। पहले सत्र में ‘कठपुतलियों के साथ कहानी सुनाना’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोनिया केतकर ने इस सत्र का संचालन किया। इसमें पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दूसरे सत्र में ‘मराठी लोकनृत्य’ पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसमें छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सेंट चार्ल्स हाईस्कूल, वाकोला, सांताक्रूज के 26 विद्यार्थियों और एमपीएस सीबीएसई, नटवर पारेख कंपाउंड, म्हाडा कॉलोनी के 9 विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी। पहले और दूसरे सत्र में कुल 800 विद्यार्थियों ने भागीदारी दर्ज कराई। तीसरे सत्र में ‘लेखकों से मुलाकात’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। माधवी घारपुरे और शुभदा चुकार ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस सत्र में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के करीब 400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस तरह चिल्ड्रन्स कॉर्नर के तीनों सत्रों में कुल 1,200 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्य, लोककला और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से जुड़ने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *