पुणे कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े खूनी हमला, धारदार हथियार से काटा हाथ, अस्पताल में युवक की मौत
6-7 हमलावरों ने दो मोटरसाइकिलों पर आकर की वारदात, घटनास्थल से बंदूक की मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद, मृतक की पहचान मंदार किवडे के रूप में हुई

पुणे। पुणे के शिवाजीनगर इलाके में कोर्ट के गेट नंबर-4 के बाहर बुधवार, 25 नवंबर को दिनदहाड़े हुई हिंसक वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने एक व्यक्ति पर पहले गोली चलाने की कोशिश की और फिर धारदार हथियार (कोयता) से हमला कर उसका हाथ काट दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की ससून अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मंदार किवडे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 6-7 हमलावर कोर्ट पहुंचे थे। एक बाइक पर तीन और दूसरी पर चार लोग सवार थे। पीड़ित किसी कानूनी काम से कोर्ट आया था। हमलावरों ने कोर्ट के प्रवेश द्वार के पास उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं, हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने कोयते जैसे धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। घटना के समय आसपास काफी भीड़ मौजूद थी, लेकिन हमलावरों के पास बंदूक और धारदार हथियार होने के कारण कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हमले के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को रिक्शे से ससून अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान थे। शुरुआती चिकित्सकीय जांच में गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल के पास सड़क से बंदूक की एक मैगजीन और मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने दो बंदूकें बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है। हमलावरों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच के डीसीपी गौहर हसन ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे गोलीबारी और धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर से पुलिस कांस्टेबल घायल को ससून अस्पताल लेकर गए थे। डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने इस वारदात में करीब चार से पांच आरोपियों के शामिल होने की बात कही। पुलिस के अनुसार, मृतक मंदार किवडे के खिलाफ वर्ष 2025 में हत्या का एक मामला दर्ज था और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब इस हमले के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
