महाराष्ट्र में 100 अरब डॉलर के निवेश का लक्ष्य, तीसरी-चौथी मुंबई के विकास की तैयारी: मुख्यमंत्री फडणवीस

विश्व महापौर सम्मेलन का उद्घाटन, मुंबई महानगर क्षेत्र में 50 अरब डॉलर के निवेश से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, धारावी को नया व्यावसायिक केंद्र बनाने की योजना

मुंबई। अखिल भारतीय स्थानीय स्वराज्य संस्थान के शताब्दी वर्ष के अवसर पर बुधवार को मुंबई में आयोजित तीसरे विश्व महापौर सम्मेलन (वर्ल्ड मेयर्स फोरम) का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर आर्थिक विकास के इंजन हैं। इसलिए नियोजित, टिकाऊ और नागरिक केंद्रित शहरीकरण के माध्यम से विकास को गति देने की आवश्यकता है। महाराष्ट्र ने अगले पांच वर्षों में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं, मुंबई महानगर क्षेत्र में 50 अरब डॉलर के निवेश से मेट्रो, सड़क, फ्लाईओवर, सुरंग और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के भविष्य के शहरी विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट क्षेत्र में तीसरी मुंबई और विरार से वाढवण क्षेत्र के बीच चौथी मुंबई विकसित करने की योजना है। तीसरी मुंबई में एजु-सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, मेडि-सिटी, इनोवेशन सिटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर विकसित किए जाएंगे। इसके माध्यम से शिक्षा, खेल, चिकित्सा, नवाचार और वैश्विक कंपनियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं, चौथी मुंबई को वाढवण बंदरगाह, बुलेट ट्रेन और सुपर एक्सप्रेसवे के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से महाराष्ट्र के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।
धारावी बनेगी मुंबई का नया व्यावसायिक केंद्र
धारावी पुनर्विकास परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के निवासियों को सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही धारावी को मुंबई के नए व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले दस वर्षों में धारावी मुंबई के महत्वपूर्ण कारोबारी केंद्रों में शामिल होगी। फडणवीस ने कहा कि मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर जैसे शहरों में भी शहरी विकास की बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। शहरों के विकास के लिए केवल आर्थिक निवेश ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और बेहतर नियोजन भी जरूरी है।
सफल शहरों के मॉडल अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक शहर से दूसरे शहरों में सफल रहे शहरी विकास के प्रयोगों और बेहतर कार्यप्रणालियों का अध्ययन कर उन्हें अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्व महापौर सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं से प्राप्त सुझावों पर महाराष्ट्र सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी। इस अवसर पर देशभर में सफल शहरी उपक्रमों और बेहतर कार्यप्रणालियों के संकलन पर आधारित पुस्तक का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों विमोचन किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जयराज पाठक ने प्रस्तावना में सम्मेलन के आयोजन के उद्देश्य और संस्थान के कार्यों की जानकारी दी। सम्मेलन में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पश्चिम बंगाल के राज्यमंत्री उमेश राय, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, अखिल भारतीय स्थानीय स्वराज्य संस्थान के अध्यक्ष रणजीत चव्हाण, महानिदेशक जयराज पाठक, गवर्निंग काउंसिल सदस्य राजकिशोर मोदी सहित देश-विदेश के महापौर, नगर प्रशासक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *